एलौसी । आजकल दुनिया में कहीं न कहीं भूस्खलन हो रहा है और भूकंप आ रहे हैं। अब मध्य इक्वाडोर के एलौसी में भीषण भूस्खलन में कम से कम 7 लोगों की मौत हो गयी और कई मकान जमींदोज़ हो गए। पहले अधिकारियों ने 16 लोगों की मौत होने की जानकारी दी थी, लेकिन राष्ट्रपति गुइलेरमो लासो ने 7 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की। उन्होंने सोमवार रात को राजधानी क्विटो से करीब 137 मील दक्षिण में स्थित एलौसी में घटनास्थल का दौरा किया। अधिकारियों ने 62 लोगों के लापता होने की जानकारी दी है।
इक्वाडोर के आपदा प्रबंधन सचिवालय के पदाधिकारियों ने बताया कि विगत दिवस पर्वत की ओर की जमीन धंसने के बाद 30 से अधिक लोगों को बचाया गया। 23 लोग घायल हो गए हैं। सचिवालय की ओर से जारी बयान में बताया गया कि इस आपदा की वजह से करीब 500 लोग और 163 मकान प्रभावित हुए हैं।