CM योगी ने जताया शोक, प्रतापगढ़ में मकान ढहने से परिवार के 6 सदस्यों की मौत
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली गांव में गुरुवार तड़के करीब एक से दो बजे के बीच लगभग 100 साल पुराना एक जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त मकान के अंदर पूरा परिवार सो रहा था। इस दुखद घटना में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि परिवार का एक युवा चमत्कारिक रूप से जीवित बच गया।
आधी रात को ढहा मकान, रेस्क्यू ऑपरेशन में निकले छह शव
स्थानीय लोगों के अनुसार, महुली गांव निवासी प्रमोद श्रीवास्तव का मकान काफी पुराना और कमजोर स्थिति में था। रात में अचानक इमारत ढहने की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और फायर ब्रिगेड की टीमों ने स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया। मलबे से निकालकर 7 लोगों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।
एक ही कमरे में सो रहा था परिवार, केवल अमन बचा सुरक्षित
अस्पताल के डॉक्टरों ने इस भीषण हादसे में प्रमोद श्रीवास्तव, रीता श्रीवास्तव, नितिन श्रीवास्तव, माधुरी श्रीवास्तव, माधव और मासूम अद्विक को मृत घोषित कर दिया। हादसे में जीवित बचे प्रमोद श्रीवास्तव के 28 वर्षीय पुत्र अमन ने बताया कि रात को परिवार के सभी सात लोग एक ही कमरे में सो रहे थे। जब हादसा हुआ, तो वह भी मलबे में दब गया था, लेकिन होश आने पर उसने किसी तरह आवाज लगाई और ग्रामीणों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया शोक, जांच के आदेश
इस भीषण त्रासदी पर राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों में तेजी लाने और प्रभावितों को हर संभव मदद मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।


देवउठनी एकादशी पर घर में बनाएं गन्ने का मंडप, भगवान नारायण के जागते ही शुरू मांगलिक कार्य, जानें पूजा की विधि
राशिफल 13 नवंबर 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सूरज की किरणों से रोशन हो रहे घर, बिजली बिल की चिंता से मिल रही मुक्ति
छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का हर्षोल्लास के साथ होगा आयोजन
मध्यप्रदेश पुलिस की जुआ एवं सट्टे के विरुद्ध पूरे प्रदेश में व्यापक कार्रवाई
मुख्यमंत्री डॉ. यादव 13 नवंबर को 1.24 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में 1,831 करोड़ रुपये से अधिक की राशि करेंगे अंतरित
महलोई में 5 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से बनेगा आधुनिक मॉडल स्कूल