विविधताओं वाले देश भारत में कई पर्यटन स्थल हैं जहां देश-विदेश से लोग घूमने के लिए आते हैं। भारत के उत्तर से लेकर दक्षिण राज्य तक प्राकृतिक नजारे, मंदिरों से लेकर ऐतिहासिक जगहें देखने को मिल जाती हैं। हालांकि घूमने का शौक रखने वाले कामकाज की व्यस्तता के कारण सफर पर नहीं जा पाते हैं। लेकिन घूमने के लिए कश्मीर से कन्याकुमारी के बीच भी कई ऐसे शहर और जगहें हैं, जहां कम समय और बजट में फुल मस्ती के लिए जा सकते हैं। अगर आप दिल्ली या आसपास के क्षेत्र के रहने वाले हैं तो उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई हिल स्टेशन की दूरी महज कुछ घंटे में तय कर सकते हैं। इनमें से कई हिल स्टेशन बहुत ही सस्ते में घूमे जा सकते हैं। वीकेंड ट्रिप पर सस्ते और नजदीक स्थित खूबसूरत हिल स्टेशन पर जाने की योजना बना सकते हैं। इन हिल स्टेशनों में लैंसडाउन का नाम शामिल है। लैंसडाउन का वीकेंड ट्रिप बहुत ही रोमांचक बनाया जा सकता है।

लैंसडाउन हिल स्टेशन

चारों तरफ से जंगलों और वादियों से घिरा खूबसूरत लैंसडाउन हिल स्टेशन उत्तराखंड में स्थित है। दिल्ली से लैंसडाउन महज 280 किलोमीटर दूर है। सिर्फ 7 घंटे का सफर तय करके आप लैंसडाउन पहुंच सकते हैं। गर्मी में मौसम में जहां कई शहरों का तापमान बढ़ा हुआ है और चिलचिलाती धूप व गर्मी से लोग परेशान हैं, वहीं लैंसडाउन में कुछ राहत मिल सकती है। यहां स्थित देवदार और चीड़ के पेड़ों से घिरे जंगल तापमान में कमी लाते हैं और बहुत अधिक गर्मी महसूस नहीं होने देते हैं।

गर्मी में लैंसडाउन में राहत

इस मौसम में जहां बड़े वृक्ष ठंडी हवाओं से आपको गर्मी से राहत दिलाते हैं। वहीं यहां स्थित झरनों और नदियों में नहाने से ठंडक का अहसास किया जा सकता है। यहां की खूबसूरत वादियां प्रकृति के सौंदर्य को दर्शाती हैं और जन्नत जैसा महसूस कराती हैं।

लैंसडाउन घूमने के लिए सही समय

इस हिल स्टेशन को घूमने के लिए कभी भी जा सकते हैं। यहां का मौसम हमेशा ही अच्छा रहता है। हालांकि अक्टूबर से मार्च के महीने में लैंसडाउन में बहुत अधिक सर्दी रहती है। तापमान 0 डिग्री से नीचे चला जाता है। गर्मियों में 20-25 डिग्री से नीचे ही तापमान रहता है। घूमने के लिए सबसे बेहतरीन समय जुलाई से सितंबर के बीच का होता है

लैंसडाउन के पर्यटन स्थल

लैंसडाउन हिल स्टेशन में घूमने के लिए टॉप प्वाइंट के पास संतोषी माता मंदिर, सेंट मेरी चर्च, दरवान सिंह संग्रहालय, भुल्ला ताल झील, तारकेश्वर महादेव मंदिर, टिप इन टॉप प्वाइंट, गढ़वाल रेजिमेंट वॉर मेमोरियल और जंगल सफारी है। भुल्ला ताल झील में आप नाव की सवारी कर सकते हैं तो वहीं टिप इन टाप पर पिकनिक मनाने जा सकते हैं।