भोपाल     शाहपुरा इलाके में बुधवार शाम अचानक एक मकान गिर गया। इसके मलबे में तीन मजदूर दब गए। हालांकि दो लोगों को तुरंत निकाल लिया गया, जबकि एक मजदूर की मौत हो गई। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पुलिस कमिश्नर मकरंद देउस्कर समेत प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि ये मकान ADG राजेश चावला का है। उन्होंने हाल में ये मकान खरीदा है। मकान को री-कंस्ट्रक्शन कराया जा रहा था। बताया गया कि शाहपुरा ए-सेक्टर मकान नंबर-108 को री-कंस्ट्रक्शन के लिए उसकी तुड़ाई चल रही थी। मजदूर हथौड़े की मदद से तुड़ाई कर रहे थे। इसी बीच मकान भरभरा कर गिर गया। काम कर रहे तीन मजदूर नीचे गिर गए। नगर निगम कमिश्नर केवीएस चौधरी कोलसानी ने बताया कि घटना के समय 6 मजदूर काम कर रहे थे। तीन मजदूर मलबे में दब गए थे। इनमें दो को तुरंत निकाल लिया गया। पुलिस का कहना कि राम विलास कहार(65) की मौत हो गई है। मौके पर दो जेसीबी मलबा हटाने में जुटी रहीं। घटना के बाद विधायक पीसी शर्मा समेत अन्य नेता भी पहुंच गए। मलबे में से निकले मजदूर गुरुदयाल ने बताया कि हम लोग हथौड़े की मदद से मकान के नीचे तुड़ाई कर रहे थे। शाम को काम खत्म होने वाला था। मैं औजार लेकर छत पर पहुंचा। इसी बीच अचानक मकान भरभराकर गिर गया। मैं भी नीचे गिर गया। मैं बचने के लिए सीढ़ी के नीचे छिप गया। इस कारण बच गया।