तेहरान। अमरीकी मिडटर्म चुनावों के गहमागहमी भरे माहौल के बीच इज़राइल की एक नई गोपनीय रणनीति की खबरें सामने आने के बाद पूरी दुनिया की चिंताएं बढ़ गई हैं। इस रणनीति के तहत इज़राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी खुफिया एजेंसियां ईरान को घुटनों पर लाने के लिए एक बेहद खौफनाक योजना पर काम कर रही हैं, जिसे रणनीतिकार 'पेजर अटैक 2.0' का नाम दे रहे हैं।

शीर्ष सैन्य नेतृत्व निशाने पर

यह योजना 2024 में लेबनान में हिजबुल्लाह के खिलाफ अपनाए गए उसी हाई-टेक और सरप्राइज ऑपरेशन से मिलती-जुलती बताई जा रही है। यदि चुनावों के बाद पश्चिम एशिया में फिर से जंग का माहौल बनता है, तो इज़राइल सीधे सैन्य ठिकानों या परमाणु सुविधाओं की जगह ईरान की असली सत्ता संभाल रहे शीर्ष सैन्य जनरलों को निशाना बना सकता है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक, आतंकवाद और परमाणु कार्यक्रमों के आरोपों से घिरे चार सबसे शक्तिशाली जनरल सीधे निशाने पर हैं, जिनका सफाया कर ईरान के पूरे मिलिट्री ढांचे को एक झटके में कमजोर करने का प्लान है।

समुद्र में अमरीका की मजबूत सैन्य मौजूदगी

ईरान के खिलाफ बढ़ते तनाव के बीच अमरीकी नौसेना की बड़ी सैन्य तैनाती ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। अमरीकी नौसेना का विमानवाहक पोत यूएसएस थिओडोर रूजवेल्ट अन्य जहाजों के साथ पश्चिम एशिया और फारस की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है। समुद्र में तीन-तीन अमरीकी एयरक्राफ्ट कैरियर्स की मौजूदगी से यह संकेत मिल रहा है कि पृष्ठभूमि में किसी बड़े सैन्य अभियान की रूपरेखा तैयार की जा चुकी है।

अमरीकी गलियारों में चिंता और चेतावनी

अमरीकी राजनीतिक हलकों में भी इस संभावित घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। जहां कुछ नेताओं का मानना है कि यह संघर्ष जल्द ही अपने अंजाम तक पहुंचेगा, वहीं कुछ सीनेटरों ने इस गोपनीय योजना को लेकर चेतावनी जताई है। उनका तर्क है कि इस तरह का कदम अत्यधिक विनाशकारी सिद्ध हो सकता है, जिससे न केवल व्यापक युद्ध छिड़ेगा बल्कि आम नागरिकों के बुनियादी ढांचे को भी भारी नुकसान पहुंच सकता है।