रियाद । सऊदी अरब में बिना परमिट हज यात्रा पर जाने वाले 300 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सऊदी अरब ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि बिना परमिट के यात्रा करने वाले हाजियों को गिरफ्तार कर उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। इसके बाद भी सैकड़ों लोग बिना परमिट हज यात्रा करते पकड़े गए हैं। सऊदी अधिकारियों ने सभी गिरफ्तार लोगों पर जुर्माना लगाया है।
हज सुरक्षा के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद अल-बसामी ने बताया 300 लोगों को हज नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी लोगों पर 10,000 सऊदी रियाल (2 लाख 10 हजार 633 रुपए) का जुर्माना लगाया गया है।
बसामी ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में बिना परमिट यात्रियों के मक्का में प्रवेश को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। मक्का के ग्रैंड मस्जिद के चारों तरफ सुरक्षा घेरा बना दिया गया है। उन्होंने कहा 69 हजार से अधिक वाहनों में लगभग एक लाख लोगों को प्रवेश करने से फिलहाल के लिए रोक दिया गया है। सऊदी अरब इस साल 10 लाख लोगों को हज यात्रा की अनुमति दे रहा है। कोरोनोवायरस महामारी के कारण दो सालों तक सऊदी अरब ने विदेशियों की हज यात्रा पर पाबंदी लगाई थी। इस बार विदेशों से 8 लाख 50 हजार लोग हज यात्रा पर आ रहे हैं। इंडोनेशिया से इस बार एक लाख 51 लोग, पाकिस्तान से 81 हजार 132 लोग, भारत से 79 हजार 237 लोग और बांग्लादेश से 57 हजार 585 लोग हज यात्रा पर सऊदी अरब पहुंचेंगे।