नई दिल्ली । पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के मौके पर 19 नवंबर को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी के साथ सिर्फ महिलाएं ही चलेंगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने इसकी जानकारी दी। कांग्रेस की जन संपर्क पहल ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात नवंबर को महाराष्ट्र पहुंची थी और राज्य के विभिन्न हिस्सों से गुजर रही है। नांदेड़ से महाराष्ट्र में प्रवेश करने के बाद, पदयात्रा अब तक हिंगोली और वाशिम जिलों से गुजर चुकी है और अकोला व बुलढाणा जिलों से गुजरने के बाद 20 नवंबर को मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी।
रमेश ने कहा, 19 नवंबर को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा की जयंती के मौके पर केवल महिलाएं राहुल गांधी के साथ पदयात्रा करेंगी। उन्होंने कहा कि 19 नवंबर को यात्रा के दोनों सत्रों (भोजन पूर्व और मध्याह्न भोजन के बाद) में कांग्रेस और उससे जुड़ी शाखाओं की महिला कार्यकर्ता भाग लेंगी। महाराष्ट्र और देश के अन्य हिस्सों से पार्टी की महिला जनप्रतिनिधि भी उस दिन पदयात्रा में शामिल होंगी। इंदिरा गांधी की जयंती के मौके पर शनिवार को अकोला में महिलाएं बड़ी संख्या में शिरकत करेंगी और राहुल गांधी के साथ आगे-आगे पदयात्रा करेंगी। इस तरह कांग्रेस महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ आधी आबादी को साधने का दांव चला है। इसके साथ ही कांग्रेस ने पीएम मोदी के साइलेंट वोटर महिलाओं को साधने का दांव चल दिया हैं। इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ महिला शक्ति के रूप में दर्शाना है, जिसके लिए राहुल गांधी के साथ सिर्फ महिलाएं भारत जोड़ो यात्रा में पैदल चलेगी। राहुल गांधी के साथ कांग्रेस की विधायक, सांसद और कार्यकर्ताओं के अलावा पंचायत सदस्य हिस्सा लेंगी। कांग्रेस कहना है कि महिला शक्ति दिखाने के लिए यह एक अहम मौका बनेगा। कांग्रेस में महिला सशक्तीकरण का संदेश देने के लिए भी राहुल गांधी के साथ पदयात्रा में सिर्फ महिलाओं को साथ चलने की अनुमति दी है। 
हालांकि,राहुल के साथ उनकी भारत जोड़ो यात्रा में 122 यात्रियों में से एक तिहाई से अधिक महिलाएं पहले से पैदल चल रही हैं। शारीरिक, भावनात्मक और मानसिक रूप से 3,570 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए प्रतिबद्ध, महिलाओं ने एक बड़े मिशन के लिए अपने परिवार को 150 दिनों के लिए छोड़कर शिरकत कर रही हैं। ये 35 महिलाएं कश्मीर तक पैदल यात्रा कर रही हैं और शनिवार को काफी बड़ी संख्या में महिलाएं इससे जुड़ेंगी।