इंदौर ।   500 की कमाई 100 रुपए दिन पर पहुंची, हजारों ई रिक्शा चालक हड़ताल पर प्रशासन के नए रूट तय करने के विरोध में 7000 से अधिक ई रिक्शा चालकों ने बंद किया काम, अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू इंदौर में प्रशासन ने ई रिक्शा चालकों के लिए रूट तय कर दिए हैं। इसके विरोध में हड़ताल शुरू हो गई है। इंदौर के चिमनबाग मैदान पर शहर के 7000 से अधिक ई रिक्शा चालक सुबह से जमा हो गए हैं। ई रिक्शा चालकों की हड़ताल का नेतृत्व कर रहे राजेश बेडवाल ने कहा कि रूट तय करने से ई रिक्शा चालकों की रोज की 500 से 600 रुपए तक होने वाली कमाई ₹100 से ₹200 तक पहुंच जाएगी। इसमें तो वह अपने रिक्शा की किश्त भी नहीं कर भर पाएंगे। प्रशासन ने पहले ई-रिक्शा खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया और जरूरतमंदों को ई-रिक्शा दिलाया ताकि वह अपना व्यवसाय शुरू कर सकें और मेहनत की रोजी-रोटी खा सकें लेकिन अब यही प्रशासन ई रिक्शा चालकों से धोखेबाजी करते हुए उनका काम धंधा बंद करवाने पर तुला हुआ है। 

प्रशासन को ही सौंप देंगे चाबी

मैदान में जुटे ई रिक्शा चालकों ने कहा कि वह अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं और जब तक प्रशासन नए रूट वाली नीति को खत्म नहीं करता तब तक यह हड़ताल जारी रहेगी। यदि प्रशासन उनकी बात नहीं मानेगा तो वह अपने ई रिक्शा की चाबी प्रशासन को ही सौंप देंगे और काम धंधा बंद कर देंगे। प्रशासन ही पूरी किश्त चुकाए और उनके परिवार पाले।