रायपुर में पानी की सप्लाई पर ब्रेक, यहां देखें प्रभावित इलाकों की सूची
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के निवासियों के लिए एक बेहद जरूरी और काम की खबर है। आगामी 11 जून को शहर के एक बड़े हिस्से में लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) द्वारा रावणभाटा उपकेंद्र (सबस्टेशन) में 33 केवी लाइन पर आवश्यक रखरखाव (मेंनटेनेंस) और अंडरग्राउंड केबल कनेक्टिविटी का काम किया जाना है। इस बिजली सुधार कार्य की वजह से शहर के दर्जनों इलाकों में शाम के वक्त पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी।
बिजली गुल होने से बंद रहेंगे तीन बड़े फिल्टर प्लांट
नगर निगम के जल कार्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बिजली आपूर्ति रोके जाने के कारण रायपुर के 80 एमएलडी, न्यू 80 एमएलडी और 150 एमएलडी क्षमता वाले तीन मुख्य वॉटर ट्रीटमेंट (फिल्टर) प्लांट कुछ घंटों के लिए ठप रहेंगे। इसका सीधा असर शहर के 42 प्रमुख क्षेत्रों की जलापूर्ति पर पड़ेगा। अधिकारियों ने बताया कि 11 जून को सुबह के समय तो नियमित पानी की सप्लाई होगी, लेकिन उसके बाद इन प्लांट से जुड़ी 42 पानी की टंकियों को दोबारा नहीं भरा जा सकेगा, जिससे शाम की सप्लाई प्रभावित होगी। हालांकि, अगले दिन यानी 12 जून की सुबह से व्यवस्था पहले की तरह सामान्य हो जाएगी।
शाम को इन 42 इलाकों में नहीं होगी पानी की सप्लाई
11 जून की शाम को जिन इलाकों में पानी नहीं आएगा, उनमें मुख्य रूप से डंगनिया, गंज, गुढ़ियारी, न्यू राजेंद्र नगर, श्याम नगर, तेलीबांधा, शंकर नगर, खमतराई, भनपुरी, भाठागांव, चंगोराभाठा, कुशालपुर, डीडी नगर, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, जरवाय, गोगांव, मठपुरैना, लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मंडी, मोवा, सड्डू, वल्दल सिवनी, रामनगर, कचना, आमासिवनी, देवपुरी, मोतीबाग, बोरियाखुर्द, जोरा, रायपुरा, कुकरबेड़ा, बैरन बाजार (नया), देवेन्द्र नगर (नया) और संजय नगर शामिल हैं।
इस वजह से लिया जा रहा है ब्लॉक
बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, रावणभाटा सबस्टेशन पर 33 केवी के 10 पोल स्ट्रक्चर को आपस में जोड़ने के लिए एक नई अंडरग्राउंड केबल बिछाई गई है। इस नई केबल को मुख्य बिजली लाइन से जोड़ने के लिए 11 जून को 33 केवी इनटेक वेल और फिल्टर प्लांट की बिजली सप्लाई को कुछ समय के लिए बंद करना अनिवार्य है। नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे सुबह की सप्लाई के दौरान ही अपनी जरूरत का पर्याप्त पानी स्टोर करके रख लें, ताकि शाम को किसी परेशानी से बचा जा सके।


राशिफल 27 जुलाई 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
सीएम हेल्पलाइन की शिकायत का त्वरित समाधान
सपनों को मिला कलेक्टर का साथ, द कलेक्टर्स-15 से शुरू हुई बदलाव की नई इबारत
मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारी राकेश कुमार कुशवाह ने ओपन इंडिया प्री-स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक
प्रधानमंत्री मोदी ने सीधी जिले में बने 1500 तालाबों और नरसिंहपुर के अमृत सरोवरों का मन की बात में किया उल्लेख
युवाओं के नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को मिलेगा नया आयाम : वित्त मंत्री ओपी चौधरी
जैविक खेती से एरिन भगत बनीं आत्मनिर्भर, प्राकृतिक कृषि से घटी खेती की लागत
अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस में भोपाल में "रन फॉर टाइगर का भव्य आयोजन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवाड़ी के नवीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का किया लोकार्पण
बिहान योजना से मिली नई पहचान, पोषण सखी बन महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की बनीं संरक्षक