अयोध्या में राम मंदिर के लिए लोगों ने कितना संघर्ष किया है, ये बात किसी से छिपी नहीं है। धर्मगुरू, राजनेताओं से लेकर आम इंसान तक ने इस मंदिर को बनाने में अपना योगदान दिया है। अब इस संघर्ष और बलिदान की कहानी को पर्दे पर दिखाया जाएगा। राम मंदिर आंदोलन पर डॉक्युमेंट्री बनाने की तैयारी चल रही है, जिसके जरिए इस पूरे आंदोलन को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इस डॉक्युमेंट्री फिल्म में इस आंदोलन की हर महत्वपूर्ण कड़ी को दिखाने की कोशिश होगी, जिसके जरिए इस संघर्ष की कहानी हमारी अगली पीढ़ी तक आसानी से पहुंच पाएगी। 

इस डॉक्युमेंट्री में साल 1528 से लेकर अब राम मंदिर निर्माण से जुड़ी हर बात को दिखाया जाएगा।इस डॉक्युमेंट्री को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मार्गदर्शन में ही बनाया जा जाएगा। इस डॉक्युमेंट्री की एक खास बात यह भी है कि इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दिखाई देंगे, जो अपने पूरे राजनीतिक करियर में राम मंदिर के लिए खड़े रहे हैं। डॉक्युमेंट्री में पीएम मोदी का मंदिर भूमि पूजन का दृश्य शामिल किया जाएगा। 

इस डॉक्युमेंट्री पर प्रसार भारती काम कर रही है। दूसरी तरफ श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मार्गदर्शन में इस डॉक्युमेंट्री के लिए वीडियोग्राफी पर काम शुरू हो गया है। राम मंदिर के प्रत्येक चरण की वीडियोग्राफी की जा रही है, जिससे डॉक्युमेंट्री में इस आंदोलन के हर रूप को जोड़ा जा सके। इस डॉक्युमेंट्री फिल्म में सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले को भी शामिल किया जाएगा, जिसमें कोर्ट ने राम मंदिर के हक में फैसला सुनाया था।