भोपाल । जिले में अमृत सरोवरों का निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। यही वजह है कि बीते चार महीने में मात्र छह अमृत सरोवर ही बन पाए है। वहीं 69 तालाब के निर्माण का काम चल रहा है। इन सभी अमृत सरोवर को 15 अगस्त 2023 तक बनाकर तैयार करना है। इस तरह अब इनको पूरा करने के लिए महज एक साल का समय बचा हुआ है। इनके निर्माण के लिए मनरेगा योजना, 15वां वित्त और जनभागीदारी से लगभग 10 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अमृत सरोवर के तहत जिले में 75 नए अमृत सरोवर तालाब का निर्माण किया जा रहा है। इनका निर्माण कार्य अप्रैल 2022 में शुरू कर दिया गया था। जिले के ग्राम सूरजपुरा, गुनगा, खंडारिया, सिघौड़ा, कोलूखेड़ी खुर्द और बागसी में छह अमृत सरोवर बनकर तैयार हो गए हैं। वहीं 69 तालाब का काम वर्षा की वजह से रूक गया है। अब वर्षा बंद होते ही इनमें काम शुरू कर दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि 21 तालाबों का इतना निर्माण कर लिया गया था कि उनमें वर्षा का जल एकत्रित हो जाए। अब इनके बंध मजबूत करने का काम किया जा रहा है। इनके चारों तरफ पौधारोपण किया जा रहा है। अमृत सरोवर में न्यूनतम 10 हजार घनमीटर जलभराव होगा। सभी अमृत सरोवर के बन जाने पर इनमें 13 लाख 18 हजार घनमीटर जलभराव होगा। इनमें निर्माण कार्य से 878 हेक्टेयर कृषि भूमि की फसलों में सिंचाई हो सकेगी। वहीं इनका जल पशु-पक्षियों के पीने के लिए उपलब्ध रहेगा। साथ ही भूमिगत जल के स्तर में सुधार होगा। उपयोगकर्ता समूह द्वारा सिंचाई, मत्सयपालन एवं सिंघाड़ा, जल संवर्धन कार्य किया जाएगा। इससे उपयोगकर्ता समूह की आजीविका में बढ़ोत्तरी होगी। जिले की पंचायतों में बन रहे 75 नए तालाबों में लगभग दो करोड़ से अधिक की जनभागीदारी शामिल हैं। इसमें गांव के लोगों ने ट्रैक्टर, जेसीबी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई हैं। अब तक बने अमृत सरोवर में गुनगा और कढ़ैया चंवर के तालाब सबसे अधिक क्षमता वाले हैं। कढ़ैया का सरोवर 41 हजार 800 घनमीटर और गुनगा का 40 हजार 250 घनमीटर पानी की क्षमता वाला है। इसके अलावा ललरिया, दमिला, खंडारिया, कोटरा, परसोरा, के तालाब 12 हजार घनमीटर क्षमता वाले हैं। तो वहीं कोलूखेड़ी खुर्द का 16 हजार 59, गढ़ाकलां क 14 हजार 400, जमूसर कलां का 10 हजार, ग्राम पनया का 15 हजार 450, सुनगा का 14632, अंकिया का 39 हजार, सूरजपुरा का 20 हजार, सेमरा भैरोपुरा का 15 हजार और सिंघोड़ा के अमृत सरोवर की क्षमता 14 हजार 200 घनमीटर है। इस बारे में जिला पंचायत भोपाल  के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋतुराज सिंह का कहना है कि जिले 75 अमृत सरोवर नए तालाब का कार्य अप्रैल महीने में शुरू किया गया था। अब तक छह तालाब बनकर तैयार हो गए हैं। बाकि अन्य निर्माणाधीन स्थिति में हैं। इनके बनने से इनमें होने वाले जलभराव से फसलों की सिंचाई होगी और गामीण क्षेत्र के लोगों को रोजगार उपलब्ध हो सकेगा। यह सभी 15 अगस्त 2023 तक बनकर तैयार हो जाएंगे।