• लड्डू गोपाल के लिए मिल रही रिस्ट वाच, कूलर और पंखे
  • मंदिरों के साथ साथ घर मंदिरों में जन्माष्टमी की तैयारियां शुरू


भोपाल । जन्माष्टमी यानि भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव 19 अगस्त को मनाया जाएगा। जन्माष्टमी को मनाने के लिए घरों व मंदिरों में तैयारियां जारी हैं। जन्माष्टमी को लेकर शहर के बाजार भी सज कर तैयार हो गए हैं। चूंकि कोरोना काल के बाद यह पहली बार मौका होगा कि लोग जन्माष्टमी का त्योहार मनाएंगे। इसलिए अधिक उल्लास है। बाजार में कान्हा की निराली बांसुरी, परिधान, पगड़ी, मुकुट के साथ सुंदर-सुंदर झूले देखते ही बनते हैं। वहीं इस बार छोटे से लड्डू गोपाल के लिए रिस्ट वॉच बाजार में आई है, इसके साथ ही उन्हें गर्मी से बचाने के लिए कूलर और पंखे भी बिक रहे हैं। बैटरी से चलने वाले कूलर-पंखे एक बार चार्ज करने पर दो से तीन घंटे तक चल सकते हैं। कान्हाजी को नजर से बचाने नजरबट्टू भी मिल रहा है।

यह भी मिल रहा है बाजार में
जन्माष्टमी तीन दिन से भी कम रह गए हैं। ऐसे में भगवान कृष्ण की प्रतिमाएं, नई वैरायटी की पोशाकें और शृंगार सामग्री आदि की बिक्री शुरू हो गई है। कारोबारियों को उम्मीद है कि इस बार कारोबार एक से डेढ़ करोड़ से अधिक का हो सकता है। इसके साथ ही इसमें 15 से 20 फीसदी की बढ़ोतरी की उम्मीद भी जताई जा रही है। जन्माष्टमी के लिए अधिकतर सामान मथुरा, नाथद्वारा, वृंदावन, दिल्ली आदि से जगहों से मंगाया गया है। इसके साथ ही कुछ सामान ग्वालियर में भी तैयार किया गया है।

घरों व मंदिरों में भी तैयारियां शुरू
घरों व मंदिरों में भी जन्माष्टमी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर के प्रमुख मंदिरों में इन दिनों तैयारियां चल रही है। मंदिरों को सजाया जा रहा है। साथ ही घरों पर भी तैयारियां चल रही है। कान्हा जी के पालने से लेकर उनके कपड़ों की व्यवस्था की जा रही है।