खंडवा ।   मध्य प्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज दूसरा दिन है। गुरुवार सुबह 6:20 बजे यात्रा खंडवा बोरगांव बुजुर्ग से शुरू हुई। यात्रा में राहुल गांधी के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा भी कदम ताल करते हुए चलीं। वहीं प्रियंका के बेटे रेहान और पति राबर्ट भी यात्रा में शामिल हैं। राजस्थान के डिप्टी सीएम सचिन पायलट भी यात्रा में शामिल हुए। दो घंटे में यात्रा करीब आठ किमी चलकर सुबह आठ बजे कुमठी पहुंची। यहां गुरुकृपा फैमिली रेस्टारेंट पर राहुल गांधी रुके और नाश्ता किया। इस स्थल पर हरदा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत मंच लगाया गया था। मंच पर महात्मा गांधी की वेशभूषा में कलाकार नजर आए। यहां से यात्रा रुस्तमपुर पहुंची। जहां ग्रामीणों ने राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा पर फूलों की वर्षा की। यहां दोनों ने एक किशोर से मुलाकात करते हुए भविष्य के संबंध में उसके विचार जाने। इसके बाद प्रियंका राजपूत नामक युवती से दोनों मिले। उसे दुलार करते हुए भारत जोड़ो यात्रा का कार्ड दिया। युवती ने बताया कि मुझसे उन्होंने मेरे बारे में पूछा। मैंने उन्हें बताया कि कालेज में पढ़ती हूं। जनता का अभिवादन करते हुए यात्रा आगे बढ़ी। करीब 10 बजे यात्रा कुमठी और दुल्हार के बीच स्थित लांच ब्रेक पाइंट पर पहुंची। यहां भोजन के बाद यात्रा ने विश्राम किया। यहां कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव जेपी अग्रवाल मीडिया से चर्चा करेंगे। वहीं राहुल गांधी, प्रियंका सहित अन्य वरिष्ठ नेता टंट्या मामा के स्मारक पर पुष्प अर्पित करने पहुंचेंगे। ग्राम रुस्तमपुर में राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा ने गांव से गुजरते हुए सड़क किनारे उन्हें देखने के लिए खड़ी मजदूर पेशा परिवार की बातचीत की। उन्हें अपने काफिले के अंदर बुलाकर गले में हाथ डाल कर दोनों भाई बहनों ने उससे चर्चा की। उसने बताया कि मेरा नाम भी प्रियंका है तो प्रियंका वाड्रा ने उससे हाथ भी मिलाया। ग्राम रुस्तमपुर और दुल्हार के बीच लंच पाइंट पर यात्रा का ब्रेक हुआ है। यहां पर नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा कि प्रदेश में अन्नदाता परेशान है भाजपा सरकार को किसान, मजदूर और युवाओं की कोई परवाह नहीं है।

यात्रा शुरू होने से पहले नेताओं में बहस

बोरगांव में राहुल गांधी की यात्रा शुरू होने के पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में कार्यक्रम के पाइंट को लेकर संशय की स्थिति रही। बुरहानपुर विधायक और इस रैली के संयोजक सुरेंद्र सिंह शेरा और खंडवा जिले में यात्रा के समन्वयक अवधेश सिसोदिया के बीच यात्रा को लेकर बहस हुई।