ओट्स सेहत के साथ त्वचा के लिए भी बहुत फायदेमंद है। अधिकतर लोग ओट्स को नाश्ते में खाना पसंद करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ओट्स का इस्तेमाल आप त्वचा की चमक बढ़ाने के लिए भी कर सकते हैं? ओट्स में विटामिन, ओमेगा 3 फैटी एसिड, अमीनो एसिड और एंटीऑक्सिडेंट्स जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं। इसके अलावा, ओट्स में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो त्वचा से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में मदद कर सकते हैं। ओट्स त्वचा के कील-मुहांसों, दाग धब्बों और झुर्रियों को हटाने में असरदार हो सकता है। इसमें मौजूद प्रोटीन त्वचा की कोशिकाओं की मरम्मत करता है। ओट्स त्वचा की गहराई से सफाई करता है और डेड स्किन सेल्स को भी हटाता है। ओट्स में सैपोनिन नामक तत्व होता है, जो स्किन के लिए नेचुरल क्लींजर की तरह काम करता है। चेहरे पर ओट्स लगाने से त्वचा सॉफ्ट और ग्लोइंग बनती है। आप नियमित चेहरा साफ करने के लिए इसका प्रयोग कर सकते हैं। 

ओट्स से चेहरा कैसे साफ करें 

ओट्स और दूध

आप चेहरा साफ करने के लिए ओट्स और कच्चे दूध का प्रयोग कर सकते हैं। इसके लिए 2 चम्मच ओट्स का पाउडर लें। इसमें 1 चम्मच दूध और 1 चम्मच शहद मिलाएं। इस पेस्ट को अपने चेहरे पर लगाएं और सर्कुलर मोशन में चेहरे की 1-2 मिनट मसाज करें। 5-7 मिनट बाद सादे पानी से चेहरा धो लें। इससे चेहरे पर जमा डेड स्किन हटेगी और त्वचा में इंस्टेंट ग्लो नजर आएगा।

ओट्स और बेसन 

आप चेहरे को साफ करने के लिए बेसन और ओट्स के मिश्रण का प्रयोग कर सकते हैं। बेसन चेहरे से डेड स्किन सेल्स और गदंगी को हटाने का काम करता है। यह त्वचा के पिंपल्स और दाग-धब्बे साफ करने में भी बहुत फायदेमंद है। इसके लिए एक कटोरी में 2 चम्मच ओट्स का पाउडर और 2 चम्मच बेसन लें। इसमें 1 चम्मच शहद और कुछ बूंदें गुलाब जल की मिला लें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करके चेहरे पर लगाएं। 2-4 मिनट सर्कुलर मोशन में मसाज करें। 10 मिनट बाद पानी से धो लें। इससे आपकी त्वचा काफी सॉफ्ट और ग्लोइंग नजर आएगी। 

ओट्स और दही 

आप चेहरे पर ओट्स और दही का फेस पैक बनाकर भी अप्लाई कर सकते हैं। इससे त्वचा की गंदगी और डेड स्किन साफ करने में काफी मदद मिलेगी। दही में में लैक्टिक एसिड मौजूद होता है, जो त्वचा के दाग-धब्बों को दूर करता है। यह त्वचा के पिंपल्स, जलन और रेडनेस को भी कम करता है। इसके लिए आपको एक कटोरी में 2 चम्मच ओट्स पाउडर लेना है। इसमें 2 चम्मच दही मिलाएं। इस फेस पैक को अपने चेहरे पर लगाएं और इसे 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें। उसके बाद ठंडे पानी से धो लें। ऐसा करने से आपको मुलायम और चमकदार त्वचा मिलेगी।