भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का फोकस हिंदुत्व पर रहेगा। प्रदेश कांग्रेस ने इसके लिए रणनीति बनाई है। संभाग स्तर पर कांग्रेस महारैली और रोड शो करेगी। इसके लिए प्रदेश में बड़े नेताओं का डेरा रहेगा। दौरे के दौरान इलाके के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर कांग्रेस नेता माथा टेकेंगे।
दरअसल, प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे लेकर सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी है। इसी कड़ी में कांग्रेस पूरी तरह से हिंदुत्व की छवि को भुनाने में जुट चुकी है। पार्टी ने हिंदुत्व के एजेंडे पर काम कर शुरू कर दिया है। हाल ही में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने जबलपुर में मां नर्मदा की पूजा कर चुनावी शंखनाद किया।
कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस को मिली जीत के बाद मध्य प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश कमलनाथ के बैनर-पोस्टर लगाए गए। जिसमें लिखा था हनुमान भक्त कांग्रेस पार्टी को कर्नाटक में आशीर्वाद मिला है।Ó वहीं 10 जून को कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी एमपी दौरे पर आए। डीके शिवकुमार ने उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर समेत तीन धार्मिक स्थलों की यात्रा की थी। इस दौरान सॉफ्ट हिंदुत्व के मुद्दे के सवाल पर शिवकुमार ने कहा था कि हिंदुत्व पर किसी एक पार्टी का अधिकार नहीं है। कांग्रेस धर्मनिरपेक्षता में विश्वास करती है। बता दें कि कांग्रेस ने पिछले साल मध्य प्रदेश मंदिर पुजारी प्रकोष्ठ बनाया था। इसके जरिए कांग्रेस की नजर ब्राह्मण वोट बैंक के साथ-साथ अपनी सॉफ्ट हिंदुत्व की छवि को और मजबूत करने की है।