छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में गर्भवती महिला की हत्या मामले में पुलिस ने उसके जेठ को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जेठ नशे की हालत में महिला के कमरे में घुसा और दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के विरोध करने पर उसके नाक, मुंह और सिर पर घूंसे से वारकर जान ले ली। हत्या का खुलासा आरोपी के भांजे से पूछताछ के बाद हुआ। महिला का शव मंगलवार सुबह उसके ही कमरे में बेड पर मिला था। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

कमरे में सुबह मिला था शव

जानकारी के मुताबिक, इंदु चौक निवासी पीटर सिंह दिव्यांग है। वह चौक के पास ही फास्ट फूड का ठेला लगाता है। करीब तीन साल पहले उसकी शादी सत्या सिंह (21) से हुई थी। घर में उसकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य रहते थे। सत्या गर्भवती थी। सोमवार रात पीटर नागपुर चला गया था। कमरे में सत्या थी। अगले दिन सुबह जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजन देखने पहुंचे। वहां बेड पर सत्या का शव पड़ा हुआ था। 

वारदात की रात ही पीटर सिंह के नागपुर जाने की बात को लेकर पुलिस को उस पर संदेह था। इस पर पुलिस ने उसे झांसा दिया और वापस लौटने को कहा। पीटर जैसे ही राजनांदगांव पहुंचा, पहले से इंतजार में लगी पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ की गई तो पीटर ने बताया कि वह कृत्रिम पैर लगवाने के लिए जा रहा था। तभी उसे रास्ते में इस घटना की जानकारी हुई। इस पर वह लौट रहा था। पुलिस उसे साथ ही लेकर मौके पर पहुंची। 
वारदात के बाद पुलिस घर के सभी सदस्यों से पूछताछ कर रही थी। इस दौरान पीटर के भांजे बंटी ने बताया कि उसकी मामी रात को कमरे में सो रही थीं। तभी बड़ा मामा प्रकाश सिंह कमरे में आया। शराब के नशे में वह मामी से जबरदस्ती करने लगा। मामी ने विरोध किया, मैंने भी उन्हें समझाया, लेकिन नहीं मान रहे थे। इसलिए वह कमरे से बाहर निकल गया और दूसरी जगह जाकर सो गया। उसके बाद कि जानकारी उसे नहीं है। 

आरोपी प्रकाश की सिंह शराब पीने का आदी है। करीब चार-पांच माह पहले उसकी पत्नी छोड़कर चली गई है। इसके बाद से वह बहू सत्या के ऊपर बुरी नीयत रखने लगा था। वारदात वाले दिन उसने दुष्कर्म का प्रयास किया। नाकाम रहा तो सत्या की पीट-पीटकर जान ले ली। सत्या के पति पीटर चार भाई हैं। इसमें सबसे बडा भाई लुईस कोरिया जिले मे रहता है। दूसरा आरोपी प्रकाश सिंह साथ में ही रहता था। जबकि तीसरा आकाश दो दिन से बाहर था।