संयुक्त राष्ट्र में भारत की दो टूक - ‘पाकिस्तान हमें उपदेश न दे’
जिनेवा। भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान को जमकर लताड़ा है। संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद के 58वें सत्र की सातवीं बैठक में भारत ने कहा कि पाकिस्तान एक फेल देश है। वह अंतरराष्ट्रीय दान पर टिका है। भारत ने कहा कि आतंकवादियों को पनाह देने वाला पाकिस्तान लगातार झूठ फैला रहा है। यह फेल देश ओआईसी का समय भी बर्बाद कर रहा है। मानवाधिकारों का उल्लंघन करने वाले पाकिस्तान को उपदेश देने की जरूरत नहीं है।
झूठ फैलाने में जुटा पाकिस्तान
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन के क्षितिज त्यागी ने कहा , "यह देखना दुखद है कि पाकिस्तान के नेता और प्रतिनिधि अपने सैन्य आतंकवादी समूह के झूठ को लगातार फैलाने में जुटे हैं। पाकिस्तान ओआईसी को अपने मुखपत्र के रूप में इस्तेमाल करके उसका मजाक उड़ा रहा है।"
ओआईसी का समय बर्बाद कर रहा फेल देश
त्यागी ने आगे कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ओआईसी का समय एक फेल देश बर्बाद कर रहा है। यह देश अंतरराष्ट्रीय सहायता पर जीवित है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की बयानबाजी पाखंड, अमानवीयता और अक्षमता से भरी हुई है। भारत लोकतंत्र, प्रगति और अपने लोगों के लिए सम्मान सुनिश्चित करने पर केंद्रित है। इन मूल्यों से पाकिस्तान को सीखना चाहिए।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हमेशा भारत के अंग रहेंगे
क्षितिज त्यागी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हमेशा भारत का अभिन्न और अविभाज्य अंग बने रहेंगे। पिछले कुछ वर्षों में जम्मू-कश्मीर में अभूतपूर्व राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक प्रगति अपने आप में बहुत कुछ कहती है। ये सफलताएं दशकों से पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद से पीड़ित इस क्षेत्र में सामान्य स्थिति लाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर लोगों के भरोसे का प्रमाण हैं।
उपदेश न दे पाकिस्तान
क्षितिज त्यागी ने कहा कि पाकिस्तान में मानवाधिकारों का हनन, अल्पसंख्यकों का उत्पीड़न और लोकतांत्रिक मूल्यों का व्यवस्थित उल्लंघन राज्य की नीतियों का हिस्सा है। पाकिस्तान जो बेशर्मी से संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधित आतंकवादियों को पनाह देता है, उसे किसी को उपदेश नहीं देना चाहिए। भारत ने यूएन में कहा कि पाकिस्तान को भारत के खिलाफ अपनी सनक से उबरना चाहिए।
भारत ने किया उत्तर देने के अधिकार का इस्तेमाल
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपने उत्तर देने के अधिकार का इस्तेमाल किया और कहा कि यह टिप्पणी पाकिस्तान के झूठ फैलाने का जवाब है। इससे पहले 19 फरवरी को संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत पार्वथानेनी हरीश ने कहा था कि जम्मू और कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और हमेशा रहेगा।


राशिफल 11 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
साय सरकार की पहल से छत्तीसगढ़ में लाखों परिवारों को मिला पक्का मकान
हरी खाद - मिट्टी की खोई उर्वरता बढ़ाने का प्राकृतिक समाधान
एमपी ट्रांसको के इंजीनियरों की केस स्टडी को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान
स्वच्छता के सारथियों के स्वास्थ्य और सम्मान को समर्पित “स्वच्छता स्वाभिमान कार्यशाला”
आगामी मई -जून माह में संभावित स्थानीय निकायो के आम/उप चुनाव के दृष्टिगत मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारियां तेज
धोवाताल की 60 महिलाओं ने रची आत्मनिर्भरता की मिसाल
सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध : उप मुख्यमंत्री देवड़ा
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधार पर जोर, राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में अहम निर्देश