भारतीय-अमेरिकी कांग्रेस सांसद प्रमिला जयपाल को फोन पर अपमानजनक और नफरत भरे मैसेज मिल रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने कुछ ऑडियो मैसेज ट्विटर पर पोस्ट किए। इन मैसेजेस में अश्लील और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है। प्रमिला ने जो ऑडियो शेयर किए हैं उसमें कॉल करने वाला शख्स उन्हें नतीजे भुगतने की धमकी दे रहा है। साथ ही वह प्रमिला को मूल देश भारत वापस जाने कह रहा है।

प्रमिला ने लिखा है- "आमतौर पर राजनीतिक लोग ऐसा नहीं करते हैं। मैं कर रही हूं क्योंकि हम हिंसा को स्वीकार नहीं कर सकते। हम उस नस्लवाद और लिंगवाद को भी स्वीकार नहीं कर सकते हैं जो इस हिंसा को बढ़ाता है।" प्रमिला जयपाल एक अमेरिकी राजनेता हैं जो 2017 से वाशिंगटन के 7वें कांग्रेस जिले से अमेरिकी प्रतिनिधि के रूप में कार्यरत हैं।

एक और ट्वीट में प्रमिला ने लिखा- "नस्लवाद और गुस्से से भरा एक आदमी मेरे घर पर एक भरी हुई बंदूक के साथ दिखा। मैं इसे इसलिए शेयर कर रही हूं क्योंकि बढ़ती हिंसा के सामने हम चुप नहीं रह सकते। ये अलग-थलग घटनाएं नहीं हैं। बहुत कुछ दांव पर लगा है।" गौरतलब है कि इससे पहले सिएटल में 49 साल का ब्रेट फोर्सेल पिस्टल के साथ प्रमिला के घर के बाहर नजर आया था। पुलिस ने उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया था।