छिंदवाड़ा ।   पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेशाध्‍यक्ष कमल नाथ नए विवादो में घिर गए है। अपने जन्मदिन के पूर्व एक कार्यक्रम के दौरान उनके केक काटने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा जिला अध्यक्ष विवेक बंटी साहू ने राम मंदिर रूपी केक और उसमें बने हनुमान जी की तस्वीर काटने का आरोप लगाया है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि, शुरू से कमल नाथ और कांग्रेस राम मंदिर का विरोध करते आए हैं। अब उन्होंने राम मंदिर रूपी केक काटकर अपनी इन्‍हीं भावनाओं को प्रदर्शित किया है। बंटी साहू ने कहा कि इस तरह उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह राम मंदिर और राम के विरोधी हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि इस कलियुग में सिर्फ हनुमान जी हर जगह साक्षात विराजमान हैं। उन्होंने हनुमान जी का भी केक काटकर अपमान किया है। इस घटना के लिए वो तत्काल माफी मांगें।

जन्मदिन से पहले हुआ कार्यक्रम

पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ का जन्मदिन 18 नवंबर को है। वे 4 दिवसीय दौरे पर छिंदवाड़ा पहुंचे थे, इस दौरान बीते मंगलवार शाम को शिकारपुर स्थित बंगले पर उनके कुछ समर्थकों ने उनका जन्मदिन मनाया। जन्मदिन के मौके पर जो केक काटा गया, वह राम मंदिर के आकार का था। उसमें हनुमान जी की प्रतिमा भी बनी हुई थी। भाजपा जिला अध्यक्ष ने इसी को लेकर प्रेसवार्ता में गंभीर आरोप लगाए। इसका वीडियो भी सामने आया है। हालांकि कांग्रेस जिला विश्वनाथ ऑक्टे ने कहा है कि वो केक कमल नाथ जी ने नही काटा है। वीडियो में नजर आ रहा है कि केक खंड में बना है। निचले पहले खंड पर लिखा है- हम हैं छिंदवाड़ा वाले, इससे ऊपर दूसरे खंड पर- जीवेत शरद: शतम्, तीसरे पर कमलनाथ और चौथी लेयर पर जननायक लिखा हुआ है। ऊपरी चौथे खंड पर हनुमान जी की फोटो भी नजर आ रही है। केक पर मंदिर की तरह शिखर है। झंडा लगा हुआ है। कमल नाथ केक काटते नजर आ रहे हैं। साथ में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र गुप्ता और दूसरे लोग भी हैं।