भोपाल । प्रदेश की राजधानी में 8 जनवरी को महा आंदोलन कर सुर्खियों में आए करणी सेना परिवार संगठन ने आज चुनाव लडऩे का ऐलान कर दिया है। संगठन की 18 सूत्रीय मांगे दोनों प्रमुख राजनीतिक पार्टियों द्वारा नजरअंदाज किए जाने के बाद करणी सेना परिवार ने 80 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारने की घोषणा कर दी। संगठन के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर ने भी जावरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लडऩे का ऐलान किया है। जीवन सिंह शेरपुर ने कहा कि दोनों ही पार्टियों में कुछ ऐसे लोग हैं जो परिवारवाद को बढ़ावा दे रहे हैं और नए लोगों को राजनीति में आने से रोक रहे हैं। आंदोलन की लड़ाई से लोकतंत्र की लड़ाई में प्रवेश कर रहे हैं। जनता के बीच जाकर अपनी बात रखेंगे और चुनाव जीतेंगे।
गौरतलब है कि जावरा विधानसभा में बुलाए गए कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़ी संख्या में सर्व समाज के कार्यकर्ता शामिल हुए। जीवन सिंह शेरपुर के समर्थन में जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा, तीन जिला पंचायत सदस्य, जावरा नगर परिषद के पार्षद सहित आसपास के गांव के सरपंच और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। कार्यकर्ता सम्मेलन में जीवन सिंह शेरपुर ने जावरा विधानसभा से निर्दलीय चुनाव लडऩे का ऐलान कर दिया है। जीवन सिंह 26 अक्टूबर को सुबह 8:00 बजे रैली के साथ नामांकन दाखिल करने जाएंगे। 8 जनवरी को भोपाल के जंबूरी मैदान में हुए महा आंदोलन के बाद भाजपा सरकार ने संगठन की 22 में से 18 सूत्रीय मांगे लिखित पत्र देकर मान ली थी लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया गया। इसके बाद कांग्रेस ने भी अपने वचन पत्र में 18 सूत्रीय मांगों को शामिल करने का वादा करणी सेना परिवार से किया था। इसके बाद अब करणी सेना परिवार मध्य प्रदेश में दोनों राजनीतिक पार्टियों के समीकरण बिगाडऩे जा रही है। संगठन के प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर आज कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद जावरा से विधानसभा चुनाव लडऩे का ऐलान कर चुके है।
वहीं, मालवा, निमाड़ और ग्वालियर चंबल संभाग में वादा खिलाफी करने वाले दोनों पार्टी के नेताओं के खिलाफ अपने उम्मीदवार खड़े करने की तैयारी भी करणी सेना परिवार ने कर ली है। खासकर मालवा क्षेत्र की नीमच ,जावद ,मनासा, सीतामऊ, मंदसौर, जावरा, आलोट, बदनावर, बडऩगर, महिदपुर और नागदा जैसी सीटों पर करणी सेना परिवार राजनीतिक समीकरण बदलने की स्थिति में है। संगठन के यादवेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि रतलाम के जावरा में आज हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में जावरा विधानसभा सीट से चुनाव लडऩे के साथ ही 67 विधानसभा सीटों के उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए गए हैं।