राजस्थान अपने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के लिए पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। क्षेत्रफल के आधार पर यह भारत का सबसे बड़ा राज्य है। यह देश के उत्तर-पश्चिम इलाके में स्थित है। यहां के बड़े-बड़े किले, संस्कृति, पहनावे की झलक पर्यटकों को काफी आकर्षित करते हैं। यह राज्य रीति-रिवाजों और परंपराओं का एक शानदार स्थान है। इस राज्य का मशहूर नारा 'पधारो म्हारे देश' लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है। यहां आने वाला हर तीसरा व्यक्ति राजस्थान के रंग में रंग जाता है। राजपूतानों की धरती पर एक से बढ़कर एक घूमने की जगहें हैं। जो लोगों को मंत्रमुग्ध करते हैं। यहां की खूबसूरत संस्कृति से हर कोई लगाव महसूस करता है।

ये हैं मशहूर पर्यटन स्थल

राजस्थान में घूमने के लिए बहुत सी जगहें हैं। यहां ऐतिहासिक किलों से लेकर समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली अतीत लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचता है। राजस्थान की राजधानी जयपुर, जो पिंक सिटी के नाम से भी जाना जाता है। यह शहर पर्यटकों राजपूतों और मुगलों के युग में वापस ले जाता है। यहां आमेर किला, अल्बर्ट हॉल संग्रहालय, जंतर मंतर, जल महल, सिटी पैलेस, मोती डूंगरी, गणेश मंदिर और नाहरगढ़ किला प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हैं।

जोधपुर इतिहास प्रेमियों के लिए सबसे अच्छी जगह है। यहां कई लोकप्रिय दर्शनीय स्थल हैं- मेहरानगढ़ किला, खेजड़ला किला, उम्मेद भवन पैलेस, शीश महल, फूल महल, चामुंडा माताजी मंदिर, रानीसर और पद्मसर झील और जसवंत थड़ा। ये सैलानियों के लिए आकर्षण का मुख्य केन्द्र हैं।

राजस्थान का उदयपुर झीलों का शहर है। यहां नाव की सवारी भी कर सकते हैं और यह घूमने के लिहाज से सबसे अच्छी जगहों में से एक माना जाता है ।

जैसलमेर में जैसलमेर का किला, बड़ा बाग, पटवों-की-हवेली, सैम सैंड ड्यून्स, थार हेरिटेज म्यूजियम, गडीसर झील, नथमल की हवेली और जैन मंदिर देखने लायक हैं। यहां राजस्थान की संस्कृति देखते बनती है।

खानपान की प्रसिद्ध चीज़ें

राजपूतों की भूमि खाने के शौकीनों के लिए सबसे बेस्ट है। चटपटे पेय से लेकर मसालेदार खाना, मुंह में पानी लाने के लिए काफी हैं। यहां शाकाहारी भोजन के साथ-साथ मीट के डिशेज भी काफी मशहूर है। दाल-बाटी-चूरमा इस राज्य का सबसे लोकप्रिय व्यंजन है, जो देश-विदेश में भी प्रसिद्ध है।

इसके अलावा गट्टे की सब्जी, लाल मांस, मावा कचौड़ी, मिर्ची बड़ा, प्याज की कचौड़ी, केर सांगरी, घेवर आदि भी खूब पसंद किए जाते हैं। राजस्थान का ये खाना दुनियाभर में प्रसिद्ध हैं।

राजस्थान में मनाए जाते हैं ये मुख्य त्योहार

ऊंट मेला राजस्थान के प्रसिद्ध त्योहारों में से एक है। यह त्योहार अक्टूबर या नवंबर के महीने में मनाया जाता है। हर साल इस त्योहार का आयोजन पुष्कर में किया जाता है। इसमें ऊंट की दौड़, मटका फोड, सबसे लंबी मूंछें और दुल्हन प्रतियोगिता आदि कराए जाते हैं। इसके अलावा ब्रज होली, मेवाड़ महोत्सव, गणेश चतुर्थी, गंगौर महोत्सव, गोगाजी मेला, मुहर्रम और ईद भी यहां धूमधाम से मनाए जाते हैं। ये त्योहार राजस्थान की खूबसूरती को बयां करते हैं।

बोली जाने वाली क्षेत्रीय भाषाएं

राजस्थान में कई भाषाएं बोली जाती हैं। जिसमें ब्रजभाषा, मेवाती, मारवाड़ी ,शेखावाटी, हाड़ौती ज्यादा प्रचलित है। इसके अलावा यहां लोग हिंदी भी काफी अच्छा बोल लेते हैं।

कला से समृद्ध है राजस्थान

राजस्थान में कला के मामले में आपको एक से एक चीज़ें मिल जाएंगी। यहां हस्तकला हो या नृत्य, जो पूरे विश्व में लोकप्रिय है। राजस्थान के प्रमुख लोक नृत्यों में कालबेलिया, गेयर, कठपुतली, भवई, घूमर, कच्छी घोड़ी, चारी आदि शामिल हैं।

राजस्थान की जूतियां काफी फेमस हैं। ये शानदार कढ़ाई और रंगों से डिजाइन की जाती हैं। यहां का नागरी चप्पल दुनियाभर में प्रसिद्ध है। यहां चमड़े की वस्तुएं, जैसे, बेल्ट, हैंडबैग, पर्स आदि भी मिलती हैं। जिसे लोग खासतौर से खरीदते हैं।