गर्मियों के इस मौसम में लोगों को अपनी सेहत का काफी ध्यान रखना पड़ता है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस मौसम में ज्यादा तला-भुना खाना स्वास्थ खराब कर देता है। ऐसे में इस मौसम में सत्तू से बनी चीजों का सेवन करना काफी फायदेमंद बताया जाता है। काले चने से तैयार किया गया सत्तू प्रोटीन से भरपूर होता है। अगर आप इसे सुबह पीकर घर से निकलते हैं तो दिन भर आपका शरीर एनर्जी से भरपूर रहता है। इसके सेवन के बाद आपका शरीर ठंडा रहता है और लू से बचा रहता है।

सामग्री

सत्तू– 2 कप, गेहूं का आटा- 3 कप, अजवाइन- आधा चम्मच, लहसुन– 5 कूटी हुई, प्याज – दो बारीक कटे, अदरक- एक चम्मच बारीक कटे, अमचूर– एक चम्मच, हरी मिर्च- 2 से 3 बारीक कटी हुई, नींबू- एक
हरी धनिया– 2 से 3 चम्मच कटी हुई, नमक– स्वादानुसार, घी- दो चम्मच, सरसों तेल– आधा कटोरी

सत्तू का मसाला बनाने की विधि

सत्तू का मसाला बनाने के लिए एक कटोरी में सत्तू, अदरक, लहसुन, कटा हुआ हरा धनिया, अजवाइन, नींबू का रस और दो चम्मच सरसों का तेल अच्छे से मिलाएं। सब चीजों को मिलाकर साइड में रख लें।

पराठा बनाने की विधि

सत्तू का पराठा बनाने के लिए सबसे पहले आप आटा गूंथ कर रख लें। इसके लिए छने हुए आटे में एक चम्मच घी और आधा चम्मच नमक डाल कर अच्छी तरह से मिला कर इसमें पानी डालकर गूंथ लें। अब इसे साइड में रख दें।पराठा बनाने से पहले आटे को फिर से एक बार गूंथ लें। इसके बाद इसकी छोटी-छोटी लोई बना लें। अब आलू पराठा की तरह ही इसमें सत्तू का मसाला बनाकर भर दें और हल्के हाथ से बेलें। जब ये बन जाए तो गर्म तवे पर इसे सुनहरा होने तक सेकें। अचार और दही के साथ इसे गर्मागर्म ही सर्व करें।