कीव। यूक्रेन रूस युद्ध के बीच वहां के नागरिकों के कई किस्से सुर्खियों में आ रहे हैं। पूर्व मिस यूक्रेन अनास्तासिया लेना की हाथ में बंदूक लिए तस्वीर भी काफी वायरल है। दावा किया जा रहा है कि वह रशिया के खिलाफ जंग में उतर पड़ी हैं। अनास्तासिया लेना ने अब खुद साफ किया है कि उनके हाथ में बंदूक क्यों है। अनास्तासिया ने बीते दिनों एक तस्वीर पोस्ट की थी। इस फोटो में वह हाथ में गन लिए थीं। साथ में कैप्शन लिखा था 22।02।2022। साथ में हैशटैग था स्टैंड विद यूक्रेन। देखते ही देखते उनकी यह तस्वीर वायरल हो गई। लोग कहने लगे कि मिस यूक्रेन अनास्तासिया लेना रूस के खिलाफ जंग में कूद पड़ी हैं। अब एक वीडियो शेयर करके उन्होंने लिखा है, मैं मिलिट्री नहीं हूं, सिर्फ इंसान हूं।
  अनास्तासिया ने बताया कि वह अपने देश के बाकी लोगों की तरह सामान्य इंसान हैं। आर्मी नहीं जॉइन की है। उन्होंने लिखा, मेरी प्रोफाइल की सभी तस्वीरें लोगों को प्रेरणा देने के लिए हैं। साथ ही यह दिखाने के लिए कि यूक्रेन की महिलाएं स्ट्रॉन्ग हैं। अनास्तासिया हाथ में जो गन लिए हैं, बताया जा रहा है कि वह गेम वाली है। उन्होंने लिखा है कि वह कई साल से एयरसॉफ्ट प्लेयर हैं। जिन्हें नहीं पता वह इसको गूगल कर सकते हैं। अनास्तासिया ने लिखा है कि लाखों लोगों की तरह उन्होंने बुधवार को सामान्य जिंदगी जी थी। उन्होंने दूसरे देशों का शुक्रिया भी अदा किया कि वह यूक्रेन का सपोर्ट कर रहे हैं। उन्होंने लिखा है, हम हर दिन रूस के खिलाफ पूरे जज्बे के साथ लड़ रहे हैं। हम जीतेंगे। मैं दुनिया के सभी लोगों से कहती हूं कि यूक्रेन में युद्ध बंद करें। कोई मरना नहीं चाहिए।