संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से शुरू होगा और 11 अगस्त तक चलेगा। केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री प्रल्हाद जोशी ने शनिवार को यह जानकारी दी है। प्रल्हाद जोशी ने ट्वीट कर सभी पार्टियों से मानसून सत्र के दौरान उत्पादक बहस और विधायी कार्यों में समर्थन की अपील की। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए मानसून सत्र के हंगामेदार रहने का अनुमान है। संसद का मानसून सत्र संसद भवन की नई इमारत में आयोजित हो सकता है। हालांकि अभी इसे लेकर आधिकारिक एलान होना बाकी है।  

संसदीय कार्यमंत्री प्रल्हाद जोशी ने बताया कि संसद का मानसून सत्र 23 दिन चलेगा और इस दौरान 17 बैठकें होंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में देश में समान नागरिक संहिता लागू करने का मुद्दा उठाया था। लॉ कमीशन भी इसे लेकर राय ले रहा है। ऐसे में संसद के मानसून सत्र में इस मुद्दे पर खासा हंगामा होने का अनुमान है।मानसून सत्र के दौरान दिल्ली के लिए लाए गए केंद्र सरकार के संशोधन बिल पर भी चर्चा हो सकती है।

बता दें कि यह बिल सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले के बाद लाया गया है, जिसमें दिल्ली में प्रशासन के लिए कोर्ट ने दिल्ली सरकार को अधिकृत किया है। इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी काफी मुखर है और विभिन्न पार्टियों का समर्थन जुटाकर केंद्र पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है। ऐसे में संसद के मानसून सत्र के दौरान इस पर खूब हंगामा देखने को मिल सकता है। मणिपुर में जारी हिंसा को लेकर भी विपक्षी पार्टियां केंद्र सरकार को घेर सकती हैं।