साल 2002 के गुजरात दंगों पर बनी बीबीसी डाक्यूमेंट्री 'इंडिया द मोदी क्वेश्चन' पर विवाद थम नहीं रहा है। जेएनयू के बाद हैदराबाद विश्वविद्यालय परिसर में बीबीसी की विवादित डाक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग की गई। वहीं, इसके जवाब में एबीवीपी ने यूनिवर्सिटी कैंपस में कश्मीरी पंडितों पर बनी 'द कश्मीर फाइल्स' फिल्म दिखाई। विवेक अग्निहोत्री द्वारा निर्देशित बॉलीवुड फिल्म द कश्मीर फाइल्स कश्मीरियों की हत्याओं और पंडितों के पलायन को दिखाती है।बता दें कि, केंद्र सरकार द्वारा डॉक्यूमेंट्री इंडिया द मोदी क्वेश्चन को दिखाए जाने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रोक लगा दी गई थी।

गणतंत्र दिवस पर विश्वविद्यालय परिसर में वामपंथी दल स्टूडेंट्स फेडरेशन आफ इंडिया (एसएफआई) ने पीएम पर बनी विवादित डाक्यूमेंट्री दिखाई।इस अवसर पर हैदराबाद विश्वविद्यालय के 400 से अधिक छात्र मौजूद रहे। सोशल मीडिया पर एसएफआई ने एक पोस्ट करते हुए छात्रों की एकता पर बधाई दी और एबीवीपी के हंगामा करने की कोशिशों को नाकाम करार दिया। जिसके बाद एबीवीपी ने भी 'द कश्मीर फाइल्स' की स्क्रीनिंग की।विवादित डॉक्यूमेंट्री की स्क्रींनिंग दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में भी की गई थी। जेएनयू में तो इसको लेकर बवाल भी हुआ। वहां विश्वविद्यालय प्रशासन के विरोध के बावजूद इसकी स्क्रीनिंग की गई थी।