सतना/बेगूसराय । देश में शुक्रवार को बेटियों के साथ ज्यादती की दो ऐसी खबरें आई हैं, जिससे पूरा देश सहम गया है। मप्र के सतना जिले में एक नाबालिग के साथ दिल्ली के चर्चित निर्भया कांड जैसा सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने नाबालिग के प्राइवेट पार्ट में लकड़ी डाल दी। वहीं बिहार के बेगूसराय में 10 साल की बच्ची के साथ गैंगरेप कर दफनाने का मामला सामने आया है।

मासूम के साथ निर्भया जैसी दरिंदगी
सतना जिले में एक नाबालिग के साथ दिल्ली के चर्चित निर्भया कांड जैसा सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। जिला मुख्यालय से करीब 60 किलोमीटर दूर मैहर के पास स्थित एक गांव में नाबालिग लडक़ी को पहाड़ी पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया है। दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने नाबालिग के प्राइवेट पार्ट में लकड़ी डाल दी। जब खून से लथपथ होकर पीडि़ता शुक्रवार सुबह अपने घर पहुंची तो मामले का खुलासा हुआ, जिसके बाद पीडि़ता के परिजन उसे लेकर सीधे थाने पहुंचे।

दो के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने पीडि़ता के बयानों के आधार पर शारदा प्रबंध कमेटी के दो कर्मचारियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। पीडि़ता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की मानें तो पीडि़ता की हालत गंभीर बनी हुई है। इस संबंध में जब पुलिस अधीक्षक सतना आशुतोष गुप्ता से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। मामला गंभीर है जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पूर्व सीएम कमलनाथ ने की घटना की निंदा
पूर्व सीएम कमलनाथ ने घटना की निंदा करते हुए सोशल मीडिया पर ट्वीट कर लिखा कि मैहर में छोटी बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना अत्यंत निंदनीय है। बच्ची के साथ निर्भया कांड की तरह अमानवीय व्यवहार किये जाने की बात भी सामने आ रही है। प्रदेश में आये दिन बच्चियों के साथ अत्याचार की घटनाओं ने साबित कर दिया है कि शिवराज सरकार बहन-बेटियों को सुरक्षा देने में पूरी तरह नाकाम हो चुकी है। मैं मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि बेटी को अच्छे से अच्छा उपचार उपलब्ध कराया जाए और उसे तत्काल एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए।

बच्ची का गैंगरेप फिर मर्डर..बेसमेंट में दफनाया
बेगूसराय में 10 साल की बच्ची का शव पड़ोसी के बेसमेंट से मिला है। शव को 10 फीट गड्डा खोदकर दफनाया गया था। परिवार का आरोप है कि बच्ची के साथ गैंगरेप किया गया। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही रेप की पुष्टि की जा सकती है। 24 जुलाई को बच्ची पड़ोसी गुड्डू सिंह (47) के घर मेहंदी के पत्ते तोडऩे गई थी। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। 27 जुलाई की शाम को पुलिस ने आरोपी के घर से शव बरामद किया था। मामला बछवारा थाना इलाके का है। घटना से गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर में आग लगा दी और तोडफ़ोड़ की है। एक कार को भी आग के हवाले किया गया है।

पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है
एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि कुल 6 लोगों की गिरफ्तारी की गई है। इनमें तीन पर हत्या का आरोप है और तीन लोगों पर साक्ष्य छिपाने में मदद करने का आरोप लगाया गया है। इस मामले में मुख्य आरोपी गुड्डू सिंह है। वही बच्ची को बहला फुसलाकर ले गया और उसी के घर से ही शव को बरामद किया गया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही खुलासा होगा कि बच्ची के साथ रेप हुआ है या कुछ और। डॉग स्क्वायड की मदद से पुलिस ने 3 दिन बाद 27 जुलाई की रात शव को बरामद किया है।