छत्तीसगढ़ के नवगठित जिले में एक उप सरपंच ने अपने ही गांव की शादीशुदा महिला के घर घुसकरमहिला से  दुष्कर्म किया। महिला ने इस संबंध में मामला दर्ज कराया है। हालांकि घटना के 9  दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। मामला डभरा थाना क्षेत्र का है। 

महिला ने अपनी शिकायत में बताया है कि ग्राम पंचायत के उपसरपंच लल्लू राम चंद्रा ने उससे दुष्कर्म किया है। वारदात 28 अक्तूबर की रात की है। महिला का पति दूसरे गांव गया हुआ था। वह घर में अकेली थी, तभी लल्लू घर में घुस आया और छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर मारपीट की और फिर दुष्कर्म किया। इस पर महिला ने शोर मचाया। आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाला उसका देवर पहुंचा तो आरोपी भाग निकला। 

महिला का कहना है कि नौ दिन बाद भी पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी है। जबकि वह रात के वक्त घर आता है। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी का पता लगा रहे हैं। रात में उसके घर दबिश भी दी गई है, लेकिन आरोपी फरार है। उसका पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं। जल्द ही गिरफ्तार कर लेंगे।